गुरुग्राम के नए पुलिस आयुक्त बने IPS शिबास कविराज, बोले- अच्छों से बैर नहीं, बदमाशों की खैर नहीं

गुरुग्राम। पूरी दुनिया में आईटी, टेलीकाॅम, ऑटोमोबाइल, गारमेंट एवं मेडिकल सेक्टर के हब के रूप में पहचान बनाने वाले गुरुग्राम की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार ने तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी शिबास कविराज को सौंपी है। वह बुधवार को अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। कविराज गुरुग्राम में कुछ समय तक संयुक्त पुलिस आयुक्त के पद पर रह चुके हैं।

चुनौतियां कम नहीं

ऐसे में उनके लिए गुरुग्राम नया नहीं है। उनके सामने भी ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने की चुनाैतियां रहेंगी। लगभग तीन साल तक गुरुग्राम पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभालने वाले विकास अरोड़ा के कार्यकाल में अपराधियों के ऊपर पुलिस ने जमकर बुलडोजर चलाया। इस जारी रखने की चुनौती नए पुलिस आयुक्त के सामने रहेगी।

मिजाज देखकर देंगे पुलिसिंग

चुनाैतियों का सामना करने के बारे में दैनिक जागरण से फोन पर बातचीत में शिबास कविराज ने कहा कि उनका दृष्टिकोण स्पष्ट है। अच्छे लोगों से बैर नहीं, अपराधियों की खैर नहीं। अच्छे लोगों को पुलिस को डरने की आवश्यकता ही नहीं है। बदमाशों पर नजर रखने के लिए ही पुलिस है। किसी भी हाल में बदमाशी बर्दाश्त नहीं। गुरुग्राम की पूरी दुनिया में पहचान है। इसे देखते हुए वह साइबर सिटी के मिजाज के हिसाब से पुलिसिंग देने का प्रयास करेंगे।

ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगा जोर

ट्रैफिक व्यवस्था के ऊपर गुरुग्राम में काफी काम किया गया है। उस काम को वह आगे बढ़ाएंगे। कैसे व्यवस्था बेहतर से बेहतर हो सकती है, इसके लिए विशेषज्ञों से संवाद करेंगे। लोगों से भी सुझाव लिए जाएंगे। बेहतर सुझावों के अनुसार काम किया जाएगा। ट्रैफिक नियमों का हर व्यक्ति पालन करे, इसके लिए जागरूकता पर जोर दिया जाएगा।

पुलिस लोगों से करे मित्रवत व्यवहार 

साइबर क्राइम के मामले कुछ समय से काफी आ रहे हैं। इसके लिए जहां अपराधियों के विरुद्ध सक्रियता और बढ़ाई जाएगी वहीं लोगों को जागरूक करने पर अधिक जोर दिया जाएगा। जागरूकता से ही साइबर अपराध से बचाव किया जा सकता है। पुलिसकर्मी लोगों से मित्रवत व्यवहार करें, इसके ऊपर और अधिक जोर दिया जाएगा।

संबंधित विभागों से तालमेल बैठाया जाएगा

सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष जोर रहेगा। गुरुग्राम इलाके से कई एक्सप्रेसवे व हाईवे गुजर रहे हैं। एक्सप्रेसवे व हाईवे पर 24 घंटे नजर रहे, इस दिशा में प्लानिंग की जाएगी। एक्सप्रेसवे व हाईवे के किनारे वाहनों के खड़े रहने से हादसे होते हैं। वाहन कहीं भी खड़े न हों, इसके लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी। सभी ब्लैक स्पाॅट हैं, निर्धारित समय सीमा के भीतर खत्म किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभागों से तालमेल बैठाया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top