गुरुग्राम कोर्ट के रिकॉर्ड रूम में आग के बाद आज PWD रेस्ट हाउस में लगेंगी अदालतें; जरूरी केसों की होगी सुनवाई

 गुरुग्राम। जिला अदालत के रिकाॅर्ड रूम में आग लगने के बाद सोमवार को अदालत प्रशासन और जिला बार एसोसिएशन ने अहम फैसला लिया।

अदालत परिसर में आने वालीं अदालतों में 25 मई को सूचीबद्ध सभी अत्यावश्यक मामलों और जमानत याचिकाओं की सुनवाई अब पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में की जाएगी। इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ताओं को सूचना जारी कर उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

आग में बड़ी संख्या में रिकाॅर्ड नष्ट हो गए 

रविवार को जिला अदालत परिसर के रिकाॅर्ड रूम में भीषण आग लग गई थी। जिसमें बड़ी संख्या में केसों से संबंधित दस्तावेज और रिकाॅर्ड जलकर नष्ट हो गए।

आग लगने की घटना के बाद अदालत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निरीक्षण न्यायाधीश अश्वनी कुमार मिश्रा भी गुरुग्राम पहुंचे और जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सूरा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। आग लगने के कारणों और रिकार्ड को हुए नुकसान की जांच शुरू कर दी है।

रिकॉर्ड को रिकंस्ट्रक्ट करने की तैयारी 

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीके शर्मा ने बताया कि आगजनी की घटना में जो रिकाॅर्ड जला है। उसको जल्द से जल्द रिकंस्ट्रक्ट कराने के लिए जिला बार एसोसिएशन पूरा सहयोग करेगी।

जिला बार एसोसिएशन के सचिव राहुल धनखड़ ने बताया कि 25 मई को मुख्य अदालत भवन में सूचीबद्ध सभी अत्यावश्यक मामलों और जमानत याचिकाओं की सुनवाई लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विश्रामगृह में की जाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित अधिवक्ताओं से निर्धारित समय पर वहां उपस्थित होने का अनुरोध किया है। रिकार्ड रूम में आग लगने के कारण अदालत परिसर की व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं, जिसके चलते यह वैकल्पिक व्यवस्था लागू की गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top