देवरिया में दो अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, आठ चोरी की बाइकें बरामद

देवरिया। कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार भोर में मुखबिर की सूचना पर चीनी मिल ग्राउंड के पास से बिहार के सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के विलासपुर निवासी सुमित कुमार तथा गोपालगंज जिले के भोरे बाजार निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपितों के पास से चोरी की दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर सुनसान जगहों पर छिपा देते थे और मौका मिलने पर उन्हें बेच देते थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चीनी मिल गेट के पास झाड़ियों से छह अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में हीरो सुपर स्प्लेंडर, पैशन प्रो, स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स मॉडल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार बरामद कई मोटरसाइकिलों के संबंध में देवरिया कोतवाली तथा बिहार के सिवान नगर थाने में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर कोतवाली थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top