गुरुग्राम वालों को मिलेगी बड़ी राहत, एक सप्ताह में भरेगा सोहना हाईवे का गड्ढा; NHAI ने शुरू किया काम

गुरुग्राम। गुरुग्राम में गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर सीवर लाइन में लीकेज के कारण 6 मई को धंसे सड़क के हिस्से की मरम्मत से पहले पाइप लाइन बदलने का काम शुरू कर दिया गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की निगरानी में क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद गड्ढे को भरकर सड़क को पूर्व स्थिति में लाने का काम किया जाएगा और लगभग एक सप्ताह में यातायात पूरी तरह सामान्य हो सकेगा।

एक महीने से परेशानी झेल रहे वाहन चालक

हाईवे पर बना बड़ा गड्ढा पिछले एक महीने से अधिक समय से खुला पड़ा है। सुरक्षा कारणों से सड़क के प्रभावित हिस्से को बंद कर दिया गया था। इसके चलते वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और एक लेन का कुछ हिस्सा बंद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से मरम्मत कार्य लंबित रहने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है।

पाइप मंगवाकर शुरू की गई मरम्मत

क्षतिग्रस्त सीवर लाइन की मरम्मत के लिए आवश्यक पाइप और अन्य सामग्री मंगवाई गई है। इसके बाद संबंधित एजेंसियों ने मौके पर काम शुरू कर दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पहले सीवर लाइन को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा ताकि भविष्य में दोबारा धंसने की स्थिति न बने। इसके बाद गड्ढे को भरने और सड़क की पुनर्निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी।

जीएमडीए के एक्सईएन अभिनव वर्मा ने बताया कि एनएचएआइ को काम तेजी से करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सीवर लाइन को भी इसी जगह से चालू किया जा सके।

6 मई को धंसी थी सड़क

6 मई को गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर अचानक सड़क धंस गई थी, जिससे वहां चौड़ा और गहरा गड्ढा बन गया था। घटना के बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने मौके का निरीक्षण किया था। जांच में सामने आया कि भूमिगत सीवर लाइन में लीकेज के कारण मिट्टी का कटाव हुआ और सड़क का हिस्सा धंस गया।

40 साल पुरानी सीवर लाइन बनी वजह

अधिकारियों के अनुसार हाईवे के नीचे करीब 100 मीटर लंबी और लगभग 40 वर्ष पुरानी सीवर लाइन गुजर रही है, जो काफी जर्जर हो चुकी है। यही कारण है कि मिट्टी खिसकने और सड़क धंसने की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। दिसंबर 2023 से अब तक गुरुग्राम-सोहना हाईवे छह बार धंस चुका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top