
गुरुग्राम। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के तहत नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र में कुल 537 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन एवं पात्रता परीक्षण किया गया।
वहीं, जांच के बाद 323 पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया। योजना के तहत पात्र परिवारों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई और निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और निरीक्षण सुनिश्चित किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पात्र परिवारों के आवेदन प्राप्त करने, सत्यापन और पात्रता निर्धारण की प्रक्रिया निरंतर जारी है। अब तक 15 पात्र लाभार्थियों को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) जारी किए जा चुके हैं।
शेष प्राप्त आवेदनों का परीक्षण किया जा रहा है और पात्र पाए जाने वाले आवेदकों को चरणबद्ध तरीके से एलओआई जारी किए जाएंगे।
2,709 परिवारों को मिला घर
हरियाणा सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना (एमएमएसएवाई) के अंतर्गत वर्ष 2023 में बीपीएल परिवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस योजना के अंतर्गत मार्च 2026 में कुल 2,709 पात्र लाभार्थियों को गुरुग्राम के विभिन्न सेक्टरों एवं विकसित आवासीय सोसायटियों में फ्लैट आवंटित किए गए। इससे हजारों परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध हुआ है।

