सिग्नेचर टावर के पास दो कारों की भिड़ंत, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर लगा 1 घंटे का महाजाम; लोग हुए हलकान

गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब सिग्नेचर टावर के पास एक तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी आगे चल रही कार से जा टकराई।

हादसे में कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन टक्कर की वजह से दोनों वाहन हाईवे पर खड़े हो गए और पीछे से आ रहे वाहनों के पहिए थम गए। हादसे के बाद जयपुर की तरफ जाने वाली लेन पर देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। कुछ ही मिनटों में सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंस गईं। इससे एक घंटे तक वाहन चालक परेशान हुए।

गर्मी और हॉर्न के शोर ने लोगों की मुश्किल और बढ़ा दी। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की टीम क्रेन के साथ मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को साइड में हटाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे एक-एक कर वाहनों को निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने खुद मोर्चा संभालकर ट्रैफिक को सुचारु कराया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top