
सोहना। बलिदानी भगत सिंह फव्वारा चौक का निर्माण कार्य विवादों में आ गया है। इसके निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) द्वारा की जाएगी। ब्यूरो के समक्ष इस मामले की शिकायत पहुंच चुकी है।
शिकायतकर्ता से मामले से संबंधित सभी दस्तावेज मांगे गए हैं। यदि दस्तावेजों में शिकायत के कार्यों में अनियमितताओं की पुष्टि होती है, तो इस कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि लगभग तीन वर्ष पूर्व नगर परिषद ने सोहना के ऐतिहासिक एवं प्राचीन फव्वारा चौक के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई थी। इस योजना में पुलिया निर्माण, फव्वारे का सौंदर्यीकरण और तीन मुख्य द्वारों का निर्माण शामिल था। इस योजना पर कुल दो करोड़ पांच लाख रुपये खर्च किए जाने थे। जुलाई 2023 में एक निजी एजेंसी को इस कार्य का ठेका दिया गया था।
निर्माण कार्य को एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन एजेंसी समय पर कार्य पूरा नहीं कर सकी। साथ ही निर्माण कार्य में कई खामियों की शिकायतें भी सामने आईं। इन शिकायतों की जानकारी नगर परिषद अधिकारियों और एसडीएम सोहना को भी दी गई थी।
आरोप है कि कार्य पूरा होने से पहले ही एजेंसी को परिषद कोष से लाखों रुपये का भुगतान कर दिया गया। एंटी करप्शन ब्यूरो ने इस मामले में शिकायतकर्ता अमित गर्ग से संबंधित दस्तावेज मांगे हैं।
अमित गर्ग का कहना है कि एसीबी की जांच से मामले की पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। निर्माण कार्य में बहुत अनियमितताएं बरती गई हैं। जो भी जिम्मेदार हैं, सभी के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।

