गुरुग्राम के सेक्टर-85 में बेसमेंट खुदाई से सोसायटी की दीवार गिरी, बड़ा हादसा टला

 नया गुरुग्राम। सेक्टर-85 स्थित ओरिस एस्टर कोर्ट सोसायटी के साथ निर्माणाधीन रिहायशी परियोजना में चल रही बेसमेंट की खुदाई के दौरान बुधवार सुबह सोसायटी की करीब 30 मीटर लंबी चारदीवारी अचानक ढह गई। घटना के समय दूसरी ओर कोई मजदूर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दीवार गिरते ही सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई और पास में रखे जनरेटर को सुरक्षित करने के लिए तत्काल जेसीबी बुलानी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन परियोजना में बेसमेंट की खुदाई सोसायटी की चारदीवारी के बेहद करीब तक की गई है। निवासियों का आरोप है कि खुदाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, जिसके कारण मिट्टी खिसकने से चारदीवारी गिर गई। हादसे के बाद सोसायटी के हरित क्षेत्र में कई जगह चौड़ी दरारें पड़ गईं, जबकि सड़क किनारे लगे कुछ पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंचा।

सोसायटी का बड़ा जनरेटर भी खतरे की जद में आया

चारदीवारी के पास रखा सोसायटी का बड़ा जनरेटर भी खतरे की जद में आ गया। उसके नीचे से मिट्टी खिसकने पर प्रबंधन ने तुरंत जेसीबी की मदद से उसे सहारा देकर सुरक्षित किया। यदि समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता तो जनरेटर भी गड्ढे में गिर सकता था, जिससे लाखों रुपये का नुकसान होता।

सोसायटी के एक निवासी का कहना है कि बेसमेंट की खुदाई के साथ चारदीवारी को सुरक्षित रखने के लिए उचित व्यवस्था की जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। वहीं, सोसायटी की आरडब्ल्यूए के महासचिव विकास ने कहा कि उन्हें चारदीवारी गिरने की जानकारी नहीं है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top