
गुरुग्राम। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल अंबेडकर चौक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने फ्लाईओवर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। लगभग 900 मीटर लंबे चार लेन के द्विदिशीय फ्लाईओवर का निर्माण 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रस्तावित फ्लाईओवर अंबेडकर चौक पर आरडी सिटी रोड और सोहना रोड के बीच बिना किसी सिग्नल के सुचारु यातायात सुनिश्चित करेगा। इसके दोनों ओर दो-दो लेन की सर्विस रोड भी बनाई जाएंगी, जिससे स्थानीय यातायात प्रभावित नहीं होगा। परियोजना के तहत फुटपाथ, पैदल यात्रियों की सुविधाएं, वर्षा जल निकासी व्यवस्था, क्रैश बैरियर, रोड साइन, रोड मार्किंग, यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी कार्य भी किए जाएंगे।
अंडरपास का भी रखा प्रविधान
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने बताया कि भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए परियोजना की डिजाइन में अंडरपास निर्माण का भी प्रविधान शामिल किया गया है। इससे भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर बिना फ्लाईओवर में बड़े बदलाव किए अंडरपास का निर्माण किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना शहर की दीर्घकालिक यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।
पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी होगी मजबूत
पीसी मीणा ने कहा कि जीएमडीए शहर के प्रमुख जाम वाले चौराहों पर चरणबद्ध तरीके से ग्रेड सेपरेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है। अंबेडकर चौक फ्लाईओवर पूर्व और पश्चिम गुरुग्राम के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगा तथा सुरक्षित, तेज और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
इन क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
फ्लाईओवर बनने से आर्डी सिटी, साउथ सिटी-टू, मालिबू टाउन, मेफील्ड गार्डन, निर्वाणा कंट्री, सुशांत लोक-दो एवं तीन, सेक्टर-45, 46, 50, 51, 52 और 57 के निवासियों को राहत मिलेगी। इसके अलावा सोहना रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों का सफर भी तेज और सुगम होगा। इससे अंबेडकर चौक पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम और यात्रा समय में कमी आएगी।

