गुरुग्राम में कांवड़ियों को सुविधा नहीं मिली तो मंदिर के गेट पर जड़ा ताला, जलाभिषेक के लिए खड़े रहे श्रद्धालु

 गुरुग्राम। शिवरात्रि के अवसर पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर कृष्णा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब मंदिर का गेट बंद कर दिया गया। मंदिर में किसी प्रकार की सुविधा नहीं मिलने से नाराज श्रद्धालुओं ने गेट पर ताला लगा दिया।
काफी देर तक श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर के बाहर खड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ताला खुलवाकर श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश कराया, जिसके बाद जलाभिषेक शुरू हो सका।श्रद्धालुओं का आरोप है कि मंदिर में कांवड़ियों और अन्य भक्तों के लिए मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। यहां न तो स्नान के लिए उचित व्यवस्था है और न ही बाथरूम व पेयजल की सुविधा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मंदिर का संचालन मनमाने तरीके से किया जा रहा है। उनका कहना है कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान का उपयोग मंदिर की सुविधाओं को बेहतर बनाने में नहीं किया जाता।
लोगों ने प्रशासन से मंदिर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। बताया गया कि कृष्णा कॉलोनी की गली नंबर-4 स्थित यह शिव मंदिर करनाल निवासी सेवानिवृत्त तहसीलदार द्वारा बनवाया गया है। स्थानीय लोगों ने मंदिर की व्यवस्थाओं की जांच कराने और श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top