
गुरुग्राम। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार हुंडई आई-20 कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर उस पर ही चढ़ गई। हादसे में कार सवार चालक और उसका साथी बाल-बाल बच गए।
कार चालक तुषार के मुताबिक, वह रात करीब 12:15 बजे मेदांता अस्पताल से अपने साथी से मिलकर घर की ओर दिल्ली जा रहा था। सेक्टर-15 के पास एक्सप्रेसवे पर चढ़ते समय उसका ध्यान एक फोन कॉल के कारण भटक गया।
इसी दौरान उसे डिवाइडर नजर नहीं आया और कार सीधे उससे जा टकराई। तुषार का कहना है कि एग्जिट प्वाइंट पर डिवाइडर पर न तो पर्याप्त रिफ्लेक्टर लगे थे और न ही कोई सांकेतिक बोर्ड था। अंधेरा होने के कारण डिवाइडर दिखाई नहीं दिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन डिवाइडर के बीचों-बीच फंस गया। हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक और उसका साथी सुरक्षित बच गए। सूचना मिलते ही हाईवे सुरक्षा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में क्रेन की मदद से कार को डिवाइडर से नीचे उतारकर सड़क किनारे किया गया।

