कुशीनगर में आतंकी गतिविधि: कृष्णा की करतूत जानकर किसान पिता हैरान, स्वजन व पड़ोसी अनजान

पडरौना, (कुशीनगर)। आतंकी गतिविधियों में एटीएस के हत्थे चढ़ा कम पढ़ लिखे कृष्णा मिश्र का परिवार लगभग डेढ़ दशक पूर्व पैतृक भूमि व मकान बेचकर बेलवा मिश्र आकर बस गया था। तब किसान पिता ने बेटे के बेहतर भविष्य के लिए यह कदम उठाया था।कृष्णा नशे का आदि था और दिल्ली में पांच वर्ष से अधिक समय से रह रहा था। घर पर आना जाना भी कम ही होता था।

थाना जटहाबाजार के हरपुर के रहने वाले छोटेलाल मिश्र किसान हैं। इकलौते बेटे के लिए उन्होंने वहां की संपत्ति बेच दी और बेलवा मिश्र गांव में आकर बस गए। सामान्य परिवार से संबंध रखने वाले कृष्णा के किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी आसपास तथा गांव के लोगों को नहीं थी।

एटीएस द्वारा उसकी गिरफ्तारी की खबर पाकर लोग हैरान रह गए। पुलिस की आवाजाही के बाद गांव में हलचल बढ़ गई है। पड़ोसियों का कहना है कि उन्हें कभी शक नहीं हुआ कि कृष्णा देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो सकता है।

रविंद्रनगर थाना की पुलिस और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियाें और संपर्क में रहे लोगों के बारे में जांच-पड़ताल कर रही हैं। यह भी पता लगाने में लगी हैं कि वह कब और कैसे इस रास्ते पर आया। स्थानीय स्तर पर उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। कृष्ण के इकलौती बहन की शादी हो चुकी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top