यमुनानगर में बड़ी ठगी, दंपती ने 55 लाख में बेच दी ‘कर्जदार’ प्रॉपर्टी

यमुनानगर। मॉडल टाउन में संपत्ति बेचने के नाम पर उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के दो युवकों से ठगी कर ली गई। आरोप माडल टाउन निवासी दंपत्ती पर लगा है।

दंपती ने युवकों से संपत्ति का सौदा कर 55 लाख रुपये लिए। बाद में पता लगा कि इस संपत्ति पर दो करोड़ 78 लाख रुपये का लोन है। इस मामले में शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने आरोपित दंपती के विरुद्ध केस दर्ज किया।

उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर की जनकपुरी कालोनी निवासी रोहित मलिक व कोर्ट रोड गिल कालोनी निवासी रविंद्र कुमार ने बताया कि उनकी मुलाकात संजीव शर्मा व उसकी पत्नी आरती शर्मा से हुई। आरोपितों ने कहा कि उनका माडल टाउन में 561 वर्ग गज का प्लाट है।

जिसे वह बेचना चाहते हैं। इसमें से 342 वर्ग गज की रजिस्ट्री 10 दिसंबर 2010 से है और बाकी 219 गज आरती शर्मा के नाम वर्ष 2022 से ट्रांसफर डीड है। आरोपितों ने आश्वस्त किया कि इस संपत्ति पर किसी तरह का कोई लोन नहीं है।

बातचीत के बाद पांच करोड़ 48 लाख रुपये में सौदा तय हो गया। आरोपितों को 50 लाख रुपये के चेक बयाने के तौर पर दे दिए। इकरारनामा में रजिस्ट्री की तारीख 21 सितंबर 2025 रखी गई।

इस बीच आरोपित पांच लाख रुपये की ओर मांग करने लगे। यह रुपये भी आरोपितों को आरटीजीएस के जरिए दिए। जब रजिस्ट्री का समय आया तो आरोपितों से संपत्ति के दस्तावेज मांगे लेकिन उन्होंने इन्कार कर दिया। शक पर होने पर अपने स्तर पर जांच की तो पता लगा कि यह संपत्ति पिरामल फाइनेंस और हीरो कार्प के पास गिरवी है।

इस संपत्ति पर दो करोड़ 78 लाख रुपये का लोन चल रहा है। जबकि आरोपितों ने कहा था कि संपत्ति पर कोई लोन नहीं है। जब आरोपितों से बात की तो उन्होंने कहा कि वह संपत्ति को लोन मुक्त करा एनओसी देकर रजिस्ट्री कराएंगे। तय समय पर आरोपित रजिस्ट्री कराने नहीं आए और न ही उन्होंने एनओसी दी। रुपये वापस मांगने पर भी धमकी दे रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top