
गुरुग्राम। सुशांत लोक फेस एक में गुरुवार रात कारोबारी के घर पर फायरिंग करने आए शूटरों तक हथियार कैसे पहुंचाए गए, पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है।
इस मामले में एक और आरोपित बहादुरगढ़ निवासी संदीप का नाम सामने आया है, पुलिस उसकी तलाश में झज्जर व अन्य जगहों पर छापेमारी अभियान चला रही है।
दीपक नांदल का है करीबी
सूत्रों के अनुसार संदीप ने आरोपितों को लाजिस्टिक सपोर्ट दिया। संदीप दीपक नांदल का करीबी बताया जा रहा है और मुठभेड़ में मारे गए आरोपित नितिन का परिचित भी है। दूसरी ओर इस हमले में घायल शूटर शिवम का फिलहाल मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस अभी तक उससे कोई पूछताछ नहीं कर सकी। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा का कहना है कि घायल शूटर के मेदांता से डिस्चार्ज होते ही पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस रिमांड में उससे गैंग और हथियारों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
शिवम की स्थिति स्थिर
गुरुवार को सुशांत लोक एक में कारोबारी के घर पर हुई गोलीबारी के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दीपक नांदल गैंग के चार शूटर मारे गए थे। मुठभेड़ में पांचवां शूटर नूंह के बिस्सर गांव निवासी शिवम घायल हो गया था। जिसे उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार शिवम की स्थिति अब स्थिर है। वह वार्ड में भर्ती है और डाक्टरों की निगरानी में है। जल्द ही उसे डिस्चार्ज किया जाएगा। वहीं इससे पहले मुठभेड़ के दौरान घायल हुए तीनों पुलिसकर्मियों को शनिवार को मेदांता से छुट्टी मिल चुकी है। अब वे खतरे से बाहर हैं और घर पर आराम कर रहे हैं।

