गुरुग्राम के चार गांवों को इस साल मिलेगा नहरी पानी! नगर निगम ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया

 मानेसर। गुरुग्राम में मानेसर नगर निगम चार गांवों के निवासियों को इस साल नहरी पानी मिलने की संभावना है। नगर निगम ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है।

नगर निगम मानेसर के गांव नाहरपुर कासन, कांकरौला, शिकोहपुर और हयातपुर में अंडरग्राउंड टैंक बनाए जाएंगे। इसके साथ ही कई गांवों में पानी की सप्लाई के लिए लाइन डाली जाएगी।

इस कार्य को लेकर नगर निगम द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन अंडरग्राउंड टैंकों में नहरी आधारित पानी लाया जाएगा। इसे यहां से गांवों में घरों में सप्लाई किया जाएगा। नहरी पानी सप्लाई शुरू होने से क्षेत्र के चार गांवों के हजारों लोगों को फायदा हो जाएगा।

वहीं, क्षेत्र में नहरी पानी सप्लाई की मांग काफी पुरानी है। यहां अभी तक लोग भूजल स्तर के भरोसे हैं। नगर निगम और निजी रूप से किए गए बोरवेल के माध्यम से अभी तक पानी सप्लाई किया जा रहा है। लगातार दोहन से क्षेत्र में कई जगह भूजल स्तर काफी नीचे जा चुका है। नगर निगम के कुछ गांवों में तो आठ सौ से एक हजार फुट तक भूजल स्तर पहुंच चुका है। यहां किए गए बोरवेल भी फेल होने लगे हैं।

तीन गांवों में पहले ही शुरू हो चुकी है नहरी पानी की सप्लाई

नगर निगम द्वारा क्षेत्र के गांव बामड़ौली, सिकंदरपुर और नवादा में पहले ही नहरी पानी की सप्लाई शुरू कर दी है। इसके अलावा अधिकतर गांवों में पानी सप्लाई के लिए आंतरिक ढांचा तैयार किया जा चुका है। उम्मीद लगाए जा रही है कि 2026 में अधिकतर गांवों में नहरी आधारित पानी सप्लाई शुरू हो जाएगी।

करोड़ों रुपये किए जाएंगे खर्च

नगर निगम मानेसर द्वारा गांव नाहरपुर कासन अंडरग्राउंड टैंक, बूस्टिंग स्टेशन, पंप हाउस और अन्य कार्यों के लिए करीब 3 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च किए जाएगें। गांव कांकरौला में सामुदायिक भवन और अंडरग्राउंड टैंक के लिए करीब 9 करोड़ 79 लाख रुपये, गांव शिकोहपुर में अंडरग्राउंड टैंक और बूस्टिंग स्टेशन के लिए करीब 2 करोड़ 48 लाख रुपये और गांव हयातपुर और सालिग की ढाणी में अंडरग्राउंड टैंक और पानी सप्लाई के लिए ढांचा तैयार करने में करीब 9 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगें।

भांगरौला गांव में बड़ा स्टोरेज बनाने की योजना

नगर निगम द्वारा गांव भांगरौला में बड़ा स्टोरेज टैंक बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए करीब दो एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। यहां नहरी पानी को स्टोर किया जाएगा। इसके बाद आगे गांवों में भेजा जाएगा। इस योजना पर नगर निगम तेजी से कार्य कर रहा है। इस योजना के पूर्ण होने पर नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले करीब दस लाख लोगों को लाभ मिलेगा।

हमारा प्रयास है कि आने वाले साल में सभी गांवों में नहरी आधारित पानी सप्लाई शुरू किया जाएगा। चार गांवों में अंडरग्राउंड टैंक बनाने के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अन्य गांवों के लिए जल्द ही कार्य शुरू होगा। – प्रदीप सिंह, आयुक्त, नगर निगम मानेसर

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top