गुरुग्राम में फिल्मी अंदाज में दिनदहाड़े मांगी रंगदारी, 12 स्कॉर्पियो से हथियार लेकर पहुंचे बदमाश; ठेकेदार को धमकाया

 गुरुग्राम। गुरुग्राम में एक बार फिर रंगदारी और धमकी का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर सेक्टर-106 और सेक्टर-108 में चल रही एक साइट पर 10 से 12 काली स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने ठेकेदार को काम बंद करने और पैसे देने की धमकी दी। देखने वाले रंगदारी मांगने के इस फिल्मी से दिखने वाले नजारे को देखकर दंग रह गए।

आरोपितों ने खुद को गैंगस्टर कौशल चौधरी गैंग का बताया और प्रोटेक्शन मनी की मांग की। पीड़ित ठेकेदार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह पानी और मिट्टी सप्लाई का काम करता है। उसका काम सेंट्रल पार्क सेक्टर-108 और एलन ग्रुप सेक्टर-106 में चल रहा है।

शिकायत के मुताबिक दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दविंदर उर्फ सुक्कू, दिनेश दहिया, लखिराम, भोला, नवीन, मुंडी और अजय दहिया करीब 50-60 लोगों के साथ साइट पर पहुंचे। सभी काली स्कॉर्पियो में आए थे। धनवापुर के पास लगे सीसीटीवी में इन गाड़ियों का काफिला भी कैद हुआ है।

गाड़ियों से उतरते ही बदमाशों ने हथियार दिखाकर दहशत फैलाने की कोशिश की। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने सीधे कहा कि अगर काम करना है तो दिनेश और दविंदर को हिस्सा देना पड़ेगा। उन्होंने ठेकेदार के सुपरवाइजर रंजन को पकड़कर धमकाया और कहा कि मालिक को सामने लाओ वरना जान से मार देंगे।

पीड़ित को धमकी दी गई कि ठेके में हिस्सा नहीं दिया तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। हंगामा करने के बाद सभी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ठेकेदार ने राजेंद्रा पार्क थाने में शिकायत दी है। शिकायत में उसने अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपितों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top