
नया गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड स्थित सेक्टर-43 में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस क्लब जुलाई माह तक तैयार हो जाएगा। बुजुर्गों के लिए बनाए जा रहे इस विशेष केंद्र में खेल, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे वे सक्रिय और खुशहाल जीवनशैली के साथ समय बिता सकेंगे।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से करीब 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में इस चार मंजिला क्लब का निर्माण कराया जा रहा है। भवन में स्टिल्ट पार्किंग की सुविधा भी दी गई है। इस परियोजना पर लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। क्लब में प्रत्येक मंजिल पर एक बड़ा हॉल और दो कमरे बनाए गए हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों के साथ किचन की व्यवस्था भी की गई है।
वरिष्ठ नागरिकों की दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए क्लब में टेबल टेनिस, कैरम बोर्ड और शतरंज जैसी इनडोर गतिविधियों के लिए अलग कमरे तैयार किए गए हैं। एचएसवीपी ने करीब एक वर्ष पहले इस भवन का निर्माण कार्य शुरू करवाया था और अब निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्लब का संचालन एचएसवीपी करेगा या फिर इसे गुरुग्राम नगर निगम को सौंपा जाएगा। एचएसवीपी के उपमंडल अधिकारी एनके राणा के अनुसार भवन का 80 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और 30 जुलाई तक इसे तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि क्लब शुरू होने के बाद क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सामाजिक और मनोरंजक सुविधाएं मिल सकेंगी।
उधर, एचएसवीपी ने सेक्टर-47 में भी इसी तर्ज पर वरिष्ठ नागरिक क्लब बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस क्लब को सेक्टर-43 के मॉडल के आधार पर विकसित किया जाएगा। एचएसवीपी के मुख्य प्रशासक डा. चंद्रशेखर खरे ने परियोजना को मंजूरी दे दी है। स्थानीय अधिकारी अब क्लब का नक्शा तैयार कर मुख्य वास्तुकार को भेजेंगे। नक्शा मंजूर होने के बाद इस्टीमेट और टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार पूरी प्रक्रिया में तीन से चार महीने का समय लग सकता है।

