
सिद्धार्थनगर। अंतरराष्ट्रीय दस्तावेज के अवैध परिवहन का कारोबार नेपाल से भारत तक फैला है। इनका नेटवर्क इतना मजबूत है कि किसी भी देश का वीजा यह कहीं पर भी बैठ कर बनवा सकते हैं। मोहाना थाना के ककरहवा बार्डर पर काठमांडू से नई दिल्ली जा रही बस में पकड़े गए बांग्लादेशी और नेपाल निवासियों के पासपोर्ट बरामदगी के बाद इस नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।
काठमांडू में बैठा इस धंधे के ब्रोकर (दलाल) ने बांग्लादेश निवासियों के यूरोप के राष्ट्र बेलारूस के वीजा बनवाने का ठीका लिया था। लेकिन इसके बाद भारत से वीजा बनवाने के लिए नई दिल्ली के संपर्की से संपर्क साधा। लेकिन बार्डर पार करते समय मामला पकड़ में आ गया।
अंतरराष्ट्रीय दस्तावेज के अवैध परिवहन का मामला सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियों के कान खड़े हो गए। कमोबेश सभी एजेंसी के अधिकारी व कर्मचारी मोहाना थाना परिसर में पहुंच गए। सोमवार की पूरी रात आरोपित से कई चक्र में पूछताछ की गई।
आरोपित नेपाल के प्रदेश संख्या दो के सरलाही जिला के हरिपुर गांव निवासी जलंधर धामी ने बताया कि काठमांडू के गंगबू बस स्टैंड से नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। वहीं के होटल व्यवसायी ने पासपोर्ट दिया था। इसे संयुक्त हिमालय यातायात प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में पहुंचाना था। यूरोप के बेलारूस राष्ट्र के लिए इन पासपोर्ट का वीजा जारी कराना था।
पासपोर्ट की जांच करने के लिए दूतावास से किया संपर्क
मोहाना थाना परिसर में सोमवार की पूरी रात गहमागहमी का माहौल बना रहा। सभी एजेंसियां पूछताछ में जुटी रही। पूछताछ में मिले इनपुट से अपने उच्चाधिकारियों से अवगत कराते रहे। आरोपित के पास मिले पासपोर्ट की वैधता की जांच से संबंधित प्रश्न सामने आया।
सके बाद नई दिल्ली के भारतीय दूतावास से संपर्क साधा गया। सभी पासपोर्ट का पीडीएफ बनाकर जांच के लिए दूतावास को भेजा। भारतीय दूतावास इसकी जांच के लिए संबंधित राष्ट्र के अधिकारियों से संपर्क साध सकती है।
एसएसबी व पुलिस ने बार्डर पर बढ़ाई चौकसी
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बन गई है। इसके बाद वहां पर अवैध रूप से रहने वाले बांग्लादेशी व रोहिंग्या के पलायन की संीाावना को देखते हुए नेपाल की सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। एसएसबी व पुलिस ने बार्डर पर चौकसी बढ़ा दी है। बार्डर पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में की गई चेकिंग के दौरान 16 बांग्लादेशी और दो नेपाल निवासी का पासपोर्ट बरामद हुआ।

