परैया-चतरा रेल लाइन को मिला विशेष परियोजना का दर्जा, विकास को मिलेगी गति

 चतरा। वर्षों से प्रतीक्षित परैया-चतरा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार ने विशेष रेल परियोजना घोषित कर दिया है। भारत सरकार के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के बाद क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जागी है।

रेल मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत परैया से चतरा तक नई ब्राडगेज रेल लाइन तथा काष्ठा की ओर वाई कनेक्शन परियोजना को विशेष रेल परियोजना का दर्जा दिया गया है।

रेल मंत्रालय की ओर से नौ अप्रैल 2026 को जारी अधिसूचना को भारत के राजपत्र के असाधारण अंक में प्रकाशित किया गया। इसमें रेलवे संशोधन अधिनियम 2008 की धारा 2 के खंड 37ए के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए इस परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित करने की मंजूरी दी गई है।

अधिसूचना के अनुसार, परैया किलोमीटर 0.00 से चतरा किलोमीटर 75.1 तक नई ब्राडगेज रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ काष्ठा की ओर लगभग 4.95 किलोमीटर लंबा वाई कनेक्शन भी विकसित किया जाएगा। परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित किए जाने के बाद भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक स्वीकृति तथा निर्माण प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना बढ़ गई है।

माना जा रहा है कि इससे गया, परैया, काष्ठा और चतरा समेत आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। रेल लाइन निर्माण को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोग मांग उठा रहे थे। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी कई बार इस परियोजना को गति देने की मांग की थी।

अब केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद लोगों को उम्मीद है कि रेल परियोजना जल्द धरातल पर उतरेगी। नई रेल लाइन बनने से चतरा जिला सीधे बड़े रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ माल परिवहन भी आसान होगा। कोयला, पत्थर और कृषि उत्पादों के परिवहन में लागत कम होने की संभावना है। वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top