
बलिया। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बांसडीह पुलिस को शुक्रवार देर रात बड़ी सफलता मिली। क्षेत्र के बड़का पोखरा के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश विशाल राजभर उर्फ अच्छे राजभर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसके चार अन्य साथियों को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 1:15 बजे पुलिस हुसैनाबाद क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बड़का पोखरा के समीप बाइक सवार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में विशाल राजभर के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके चार अन्य साथियों को भी मौके से हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घायल बदमाश विशाल राजभर बांसडीह थाने में दर्ज आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामलों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश शातिर अपराधी है। उसके अन्य साथियों से पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

