भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव की गिनती शुरू, JDU के कन्हैया और RJD के सोनू राय के बीच कड़ा मुकाबला

आरा। भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद उपचुनाव के नतीजों को लेकर बना सस्पेंस आज खत्म होने वाला है।

राजकीय कन्या प्लस टू विद्यालय में गुरुवार सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोपहर तक यह साफ हो जाएगा कि क्षेत्र के मतदाता कन्हैया सिंह पर भरोसा जताते हैं या राजद के सोनू कुमार के सिर जीत का ताज सजता है।

प्रथम वरीयता के मतों पर टिकी नजरें

राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो इस बार मुकाबला काफी रोचक है। संभावना जताई जा रही है कि प्रथम वरीयता के मतों की गिनती के साथ ही जीत-हार की तस्वीर साफ हो जाएगी।

यदि कोई भी प्रत्याशी पहले चरण में निर्धारित कोटा प्राप्त कर लेता है, तो द्वितीय वरीयता के मतों की गणना की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। हालांकि, प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है।

सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम

मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। शांतिपूर्ण ढंग से प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 33 दंडाधिकारियों के साथ भारी संख्या में सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग डीडीसी गुंजन सिंह कर रही हैं।

एडीएम डॉ. शशि शेखर को विधि-व्यवस्था का वरीय प्रभार सौंपा गया है, जो पल-पल की रिपोर्ट जिला निर्वाची पदाधिकारी सह डीएम को दे रहे हैं। मतगणना केंद्र के बाहर दोनों ही खेमों के समर्थकों की भारी भीड़ जुटी हुई है। 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top