सोनम वांगचुक की तबीयत पर मेदांता का बड़ा अपडेट, ICU से सामने आई हेल्थ रिपोर्ट; जानें मौजूदा स्थिति

 गुरुग्राम। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर मंगलवार शाम मेदांता अस्पताल में भर्ती किए गए सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर है। अस्पताल प्रशासन ने बुधवार को जारी मेडिकल अपडेट में बताया कि उन्हें आईसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ डाॅक्टरों की बहु-विषयक (मल्टी-डिसिप्लिनरी) टीम की निगरानी में रखा गया है। उनकी सभी जरूरी जांच और उपचार निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकाॅल के अनुसार किए जा रहे हैं।

मेदांता के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डाॅ. संजय दुरानी ने बताया कि वर्तमान में सोनम वांगचुक पूरी तरह सचेत हैं और उनकी जीवनरक्षक सभी महत्वपूर्ण शारीरिक गतिविधियां सामान्य सीमा के भीतर हैं। उन्होंने कहा कि मरीज की सहमति के अनुरूप ही सभी चिकित्सीय प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं। विशेषज्ञ डाॅक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और समय-समय पर स्वास्थ्य का आकलन किया जा रहा है।

मंगलवार शाम दिल्ली के सफदरजंग अस्पल से डिस्चार्ज किए जाने के बाद सोनम वांगचुक को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विशेष एंबुलेंस से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें सीधे आइसीयू में भर्ती किया गया। उधर, मेदांता अस्पताल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह कड़ी बनी हुई है।

अस्पताल परिसर और मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात है तथा आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की सुरक्षा, गोपनीयता और अस्पताल की सामान्य चिकित्सा सेवाओं को प्रभावित न होने देने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top