
बेहट (सहारनपुर)। बेहट क्षेत्र के गांव दयालपुर निवासी 30 वर्षीय युवक हथनीकुंड बैराज पर डूब गया। बैराज के जलाशय के किनारे उसका मोबाइल फोन मिला है।
उससे ही बैराज चौकी पुलिस को उसके बारे में जानकारी मिली। पीएसी की फ्लड कंपनी को सूचना दे दी गई है तथा गोताखोरों की मदद से पुलिस उसकी तलाश करा रही है।
दीपक धीमान पिछले काफी दिनों से अवसाद ग्रस्त होने के कारण उसका हरियाणा के किसी चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा है। बुधवार को भी वह चिकित्सक के यहां दवाई लेने गया था और वहां से दवाई लेकर घर वापस लौट भी आया था। इसके बाद वह घर से कहीं चला गया।
कोतवाली मिर्जापुर की हथनीकुंड बैराज चौकी के प्रभारी अवशेष भाटी ने बताया कि बैराज से सहारनपुर जाने वाली बस फैजाबाद के पास जलाशय किनारे पटरी पर खड़ी होती है, वहां शोर मचा की किसी ने पानी में छलांग लगा दी है।
टेंपो चालक ने चौकी पर इसकी सूचना दी तो वहां से वह दो सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। जलाशय किनारे पर रखा हुआ एक मोबाइल फोन मिला। इसका स्विच ऑफ था। काफी देर आसपास तलाश करने के बाद उन्होंने उसे स्विच ऑन करके उस पर लास्ट बार आए फोन नंबर पर कॉल की तो सहारनपुर से उसकी बहन बोली कि यह उसके भाई दीपक का फोन है और वह अवसाद ग्रस्त रहता है।

