
हाजीपुर। हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग पर चांदी केवाड़ा के समीप शुक्रवार की रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके से वाहन चालक फरार हो गया।
अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला
मृतक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के बलुआ बसंता गांव निवासी रामप्रवेश साह के पुत्र अमरजीत कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक योगेंद्र साहू के पुत्र रवि साहू मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मानवता दिखाते हुए घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मुआवजे के लिए सड़क जाम
अगले दिन आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पोझिया गांव के निकट शव रखकर हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। जाम की सूचना पर करताहा थाना और लालगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार के साथ कई जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अथक प्रयास के बाद जाम समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

